उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आजमगढ़ दौरा, पीएचसी कोइनहा का किया निरीक्षण

Apr 9, 2026 - 21:54
 0  18
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आजमगढ़ दौरा, पीएचसी कोइनहा का किया निरीक्षण

आजमगढ़, संवाददाता। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत बड़सरा खालसा, पो०-कोइनहा, थाना कप्तानगंज स्थित हेलीपैड पर आगमन हुआ। तत्पश्चात उन्होंने कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोइनहा का स्थलीय निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पैथोलॉजी कक्ष में जांच प्रक्रिया, कम्पलीट रिपोर्ट कार्ड, जांच पंजिका आदि का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने महिला वार्ड, इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग कक्ष एवं सामान्य वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समर्पण भाव के साथ जनहित में कार्य करने का निर्देश दिया।

इस दौरान गैलरी में कुर्सी पर बैठे मरीजों खांसी से पीड़ित मीरा देवी, दर्द से पीड़ित श्याम कली, अजय तथा लालचंद यादव आदि से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ० सुशील अग्रहरि को निर्देशित किया कि सभी मरीजों का तत्काल चेकअप कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

पीएचसी परिसर में स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए उप मुख्यमंत्री ने ओपीडी पंजिका का अवलोकन किया तथा प्रभारी अधीक्षक डॉ० लालमन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पीएचसी एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पर्याप्त साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाएं तथा बेहतर चिकित्सा व्यवस्था पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। 

इस अवसर पर उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० ननकू राम वर्मा को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करते हुए निर्देश दिया कि पीएचसी कोइनहा की तर्ज पर जनपद के सभी सीएचसी/पीएचसी, जिला एवं मण्डलीय चिकित्सालयों का दो माह के भीतर मेंटीनेंस कर उन्हें बेहतर बनाया जाए, जिससे सरकार की मंशा के अनुरूप जनपदवासियों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के मेंटीनेंस हेतु धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद में शीघ्र ही न्यूरो सर्जन की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और प्रदेश सरकार नागरिकों को उत्तम चिकित्सकीय सुविधा, स्वास्थ्य जांच तथा निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow