मण्डलीय कानून व्यवस्था की मण्डलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा

Jul 31, 2026 - 21:03
 0  10
मण्डलीय कानून व्यवस्था की मण्डलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा

आजमगढ़, संवाददाता। मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय कानून व्यवस्था की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

श्रावण मास/कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त व डीआईजी ने निर्देश दिये कि कांवड़ रूटों का सुगम यातायात हेतु निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि कोई भी तार जर्जर व लटके न हों, उनको दुरूस्त करा दिया जाए। शिवालयों में जलाभिषेक करने हेतु जल भरने वाले सभी नदी घाटों पर आवश्यकतानुसार गोताखोरांे को तैनात कर नदियों में अधिक गहराई वाले स्थलों पर साइनेज बोर्ड/बैरिकेटिंग करना सुनिश्चित करें। मण्डल के सभी शिवालयों/शिव मंदिरों पर लगाये गये वालेन्टियर्स को आई कार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आगामी स्वतंत्रता दिवस, बारावफात, रक्षा बंधन, जन्माष्टमी, विश्वकर्मा पूजा आदि त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। 

मण्डल के तीनों जनपदों में बाढ़ के दृष्टिगत जल स्तर की जानकारी लेते हुए मण्डलायुक्त व डीआईजी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाविकों को आई कार्ड जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही बनाये गये सभी बाढ़ राहत व बचाव शिविरों को क्रियाशील बनाने का निर्देश दिया। कोचिंग संस्थानों, अस्पताल, व्यवसायिक भवनों, होटलों आदि में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत अनिवार्य रूप से फायर एनओसी पर जोर दिया गया। 

तीनों जनपद में पुलिस विभाग से संबंधित लम्बित विवेचनाओं को मण्डलायुक्त ने निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में मण्डल में प्रमुख अपराध, महिला अपराध, अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न संबंधी अपराध आदि अपराध के बिन्दुओं पर प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया।

अवैध परिवहन वाहनों पर मण्डलायुक्त ने सख्त निर्देश दिया कि मण्डल में बिना परमिट के वाहन नहीं चलने चाहिए। मण्डल के तीनों जनपदों में अवशेष 771 स्कूली बसों को संबंधित प्रबन्धक, परिवहन विभाग से फिटनेस कराना सुनिश्चित करें, नहीं तो सख्त कार्यवाही की जायेगी। परिवहन विभाग द्वारा प्रवर्तन की कार्यवाही को और प्रभावी बनाया जाए। 

मण्डलीय कानून व्यवस्था की बैठक में मण्डलायुक्त ने कहा कि मण्डल में संचालित अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों के ऊपर गुण्डा एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही की जाए। पुलिस की विशेष इकाईयों आईबी, एलआईयू, आर्थिक अपराध, एसआईटी आदि के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्यवाही पर बल दिया गया। 

बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ आनन्द वर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी बलिया आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी मऊ विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गंभीर सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 मऊ सहित सम्बंधित मण्डलीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow