ईआरओ/एईआरओ, सुपरवाइजर सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण

Jan 11, 2026 - 19:55
 0  16
ईआरओ/एईआरओ, सुपरवाइजर सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण

अमेठी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची का पठन-पाठन 11 जनवरी 2026 को समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित बी.एल.ओ. द्वारा अपने-अपने मतदेय स्थलों पर किया गया। जिसको लेकर मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने 184 जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल कठौरा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता ने 185 विधानसभा क्षेत्र गौरीगंज के मतदेय स्थल पूरब गांव, तुलसीपुर, मिश्रौली, गौरीगंज द्वितीय, जीजीआईसी तथा 186 अमेठी विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल ताला का निरीक्षण किया। 

इसके साथ ही सभी ईआरओ/एईआरओ/सुपरवाइजर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान संबंधित समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा प्रत्येक मतदेय स्थल पर फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 एवं घोषणा-पत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। 
साथ ही जिन मतदाताओं के नाम आलेख्य मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हैं, उनसे फार्म-6 एवं घोषणा-पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संबंधित बी.एल.ओ. को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि जनसामान्य के अवलोकन हेतु आलेख्य मतदाता सूची की पीडीएफ जनपद अमेठी की आधिकारिक वेबसाइट Amethi.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। यदि किसी निर्वाचक का नाम मतदाता सूची में छूट गया है अथवा किसी प्रकार का संशोधन अपेक्षित है, तो संबंधित मतदाता फार्म-8 (संशोधन/स्थानांतरण हेतु), फार्म-7 (नाम अपमार्जन हेतु) एवं नए मतदाताओं के लिए फार्म-6 को घोषणा-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित भरकर बी.एल.ओ. को उपलब्ध करा सकते हैं। 

उन्होंने आगे बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। इस अवधि में मतदाता पदाभिहित स्थलों (मतदान केंद्रों) पर पदाभिहित अधिकारी/बी.एल.ओ. से फार्म प्राप्त कर सकते हैं अथवा तहसील कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन माध्यम से निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 घोषणा-पत्र सहित जमा किए जा सकते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow