जिले में खुरपका मुंहपका रोग के टीकाकरण अभियान की हुई शुरूआत

Jan 22, 2026 - 20:43
 0  56
जिले में खुरपका मुंहपका रोग के टीकाकरण अभियान की हुई शुरूआत

सिद्धार्थ नगर। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण योजना अंतर्गत सातवां चरण खुरपका मुंहपका रोग का टीकाकरण अभियान की शुरूआत गुरूवार से की गई, जो अनवरत 45 दिन 10 मार्च 2026 तक चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के 213016 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं को खुरपका मुंहपका रोग के टीके से आच्छादित किया जाएगा। 

निदेशालय पशुपालन विभाग द्वारा जनपद सिद्धार्थनगर को 211846  डोज जनपद सिद्धार्थनगर को आवंटित किया गया है, जिसको जनपद के सभी विकासखंडों को लक्ष्य के अनुसार वितरण किया जा चुका है तथा प्रत्येक विकासखंड में उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी/ पशु चिकित्सा अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित कर टीम का गठन भी कर दिया गया है। एक टीम में चार सदस्यों को रखा गया है। यह टीम सर्वप्रथम जनपद के सभी बाढ़ प्रभावित गांवों में टीकाकरण कार्य करेगी तदोपरांत शेष बचे ग्रामों में टीकाकरण कार्य रोस्टर के अनुसार किया जाएगा। 

जनपद के सभी नोडल अधिकारियों एवं उनके साथ लगे टीमों में कर्मचारियों को सभी पशुओं को 2 उस डीप इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन लगाने के लिए निर्देशित किया गया है। अभियान की शुरुआत करते हुए यह बातें विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कही। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर वाहन सहित टीम को रवाना किया। 

अभियान को सम्बोधित करते हुए नोडल अधिकारी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ0 ऋषिकेश दर्शन ने बताया कि खुरपका मुंहपका रोग एक विषाणु जनित संक्रामक रोग है, जो मुख्य रूप से गाय, भैंस, भेड़, बकरी और सूअर जैसे पालतू पशुओं को प्रभावित करता है। यह रोग पशुओं के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता पर गहरा प्रभाव डालता है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। 

उन्होंने बताया कि खुरपका मुंह पका रोग के लक्षण प्रारंभिक चरण में पशुओं को बुखार आना तथा बाद मे पशुओं के मुंह, जीभ, मसूड़े, थन एवं खुरों पर छाले व फफोले बन जाते हैं तथा मुंह में छाले पड़ने से पशुओं को लार अधिक टपकने लगती है, पशु लंगड़ाने भी लगता है और पशु खाना पीना छोड़ देता है। पशुओं से इस रोग के रोकथाम एवं नियंत्रण के  उपाय नियमित टीकाकरण कराना है। तथा इस रोग से संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखना चाहिए। इस रोग से बचाव हेतु विभाग द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है।

इस अवसर पर उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ राजबहादुर यादव, डॉ ऋषिकेश दर्शन, डॉ देवेंद्र कुमार गौतम, पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ राजकमल यादव, डॉ प्रदीप कुमार, डॉ बनारसी मिश्रा, पशुधन प्रसार अधिकारी अरुण कुमार प्रजापति, अमित यादव, अरुण पाण्डेय, चंद्रजीत सहित टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow