तानाशाही नहीं चलेगी के नारों से गूंजा कलेक्ट्रेट, डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
हमीरपुर, संवाददाता। कानपुर सागर हाईवे पर बार-बार होने वाले हादसों के खिलाफ राजनीतिक दलों और संगठनों ने डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। डीएम से मिलने से मना करने पर प्रदर्शनकारियों का आक्रोश बढ़ गया। कानपुर सागर हाईवे 34 में आए दिन होने वाले हादसों को लेकर सर्वदलीय राजनीतिक दलों और गैर राजनीतिक संगठनों ने गुरुवार को डीएम कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों में आक्रोश तब और गहरा गया जब डीएम ने उनसे मिलने से मना कर दिया। डीएम कार्यालय के बाहर ही प्रदर्शन शुरू हो गया और नारेबाजी होने लगी। प्रदर्शनकारी डीएम को ही ज्ञापन देने में अड़े हुए हैं। मौके पर अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जमा हुए हैं।
बता दें कानपुर सागर हाईवे पर आए दिन होने वाले हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही है। इसके चलते इस हाइवे के चौड़ीकरण और डिवाइडर की मांग को लेकर सभी राजनीतिक संगठनों और गैरराजनीतिक संगठनों ने एक मंच पर जमा होकर आंदोलन शुरू किया है।
तीन दिन से लगातार इस मुद्दे को लेकर सुमेरपुर, इंगोहाटा और मौदहा में बैठक हुई है। गुरुवार को सभी दलों और संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर डीएम को ज्ञापन देने की तैयारी की थी। बड़ी संख्या में सत्ता और विपक्षी दलों से जुड़े लोगों का कलेक्ट्रेट में जामवडा हुआ। सभी लोग डीएम से इस मुद्दे पर चर्चा करना चाहते थे लेकिन डीएम ने इन लोगों से व्यक्तिगत तौर पर मिलने से मना कर दिया। हालांकि इस दौरान एसडीएम व एडीएम स्तर के अधिकारी बराबर लोगों से मिलकर बात करते रहे लेकिन प्रदर्शनकारी इससे संतुष्ट नहीं थे। इसके चलते प्रदर्शनकारी डीएम कार्यालय के बाहर ही नारेबाजी करते हुए बैठ गए। भीषण गर्मी में लोगों का प्रदर्शन जारी है।
डीएम साहब बाहर आओ और तानाशाही नहीं चलेगी के नारों से कलेक्ट्रेट गूंज रहा था।
What's Your Reaction?