सांडी, टडियावां, पिहानी तथा बावन में लगे मेगा वृहद स्वास्थ्य शिविर
हरदोई। “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक समस्त स्वास्थ्य इकाइयों पर वृहद स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में चार जगह वृहद स्वास्थ्य शिविरों का शुभारम्भ जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी एवं टडियावां में सांसद जयप्रकाश व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी में विधायक श्याम प्रकश व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस दौरान स्वास्थ्य शिविरों में लाभार्थियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांचे जैसे बी०पी०, मधुमेह, टी०बी०, कैंसर, कुष्ठ, एनीमिया इत्यादि की गयीं तथा लाभार्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श तथा औषधियां प्रदान की गयी। शिविरों में जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षय रोगियों को पोषण पोटली भी वितरित की गयी। पोषण कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओ की गोद भराई एवं अन्नप्राशन का कार्यक्रम किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम में बोलते हुए सांसद जयप्रकाश ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की डबल इंजन सरकार जन स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष रूप से संवेदनशील है। आयुष्मान भारत योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमन्त्री मातृ वन्दना योजना गरीबों के लिए किसी वरदान से कम साबित नही हुई है। मातृ वन्दना योजना के अंतर्गत जच्चा बच्चा के पोषण एवं स्वास्थ्य के लिए सरकार द्वारा लाभार्थियों को 6000 रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है । सांसद जी ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण करते हुए बताया कि इस कार्ड से गरीब से गरीब आदमी प्राइवेट अस्पताल में पांच लाख तक का इलाज करा सकता है।
पिहानी-गोपामऊ के विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि आशा बहनें एवं ए०एन०एम० दीदी स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की रीढ़ हैं। इन्होंने सभी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाया है तथा यह स्वयं में नारी सशक्तीकरण का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों का बेहतरीन कार्य के लिए उत्साहवर्धन किया। विधायक ने दिव्यांग बच्चों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने जनता के स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान भारत जैसी लाभकारी योजना लागू की जिससे आम गरीब आदमी भी निजी चिकित्सालयों में 5 लाख का इलाज करा सकता है। मुकेश अग्रवाल द्वारा आयुष्मान डिजिटल भारत योजना के अंतर्गत नेक्स्टजेन पोर्टल के माध्यम से ओ०पी०डी० पर्चा ऑनलाइन बनाने की शुरुआत ब्लाक प्रमुख धर्मेन्द्र सिंह का ओ०पी०डी० पर्चा बनवा कर की गयी।
What's Your Reaction?