जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए - जिलाधिकारी
हरदोई, संवाददाता। नवागत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने जनसुनवाई के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों की जांच निष्पक्ष रूप से करते हुए पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?