जिलाधिकारी ने की होली पर्व के दृष्टिगत ओवर स्पीडिंग एवं नशे की हालत में वाहन न चलाने हेतु की अपील
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र द्वारा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विशेष सतर्क नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का पूरा प्रयास है की जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी के साथ ही साथ उनमें होने वाली म्यूट में भी गुणात्मक रूप से कमी लाई जा सके।
इसी क्रम में उन्होंने होली पर्व के दृष्टिगत समस्त जनपदवासियों से नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा ओवर स्पीडिंग से बचने हेतु जनपद वासियों से अपील की है। गत वर्ष होली के एक सप्ताह पूर्व की सड़क दुर्घटनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में गत वर्ष 7 मार्च से 14 मार्च तक कुल पांच सड़क दुर्घटनाएं हुई थी, जिनमें चार लोगों की मृत्यु हो गई थी एवं दो लोग घायल हुए थे। इन सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण नशे की हालत में वाहन चलाने के साथ ही साथ तेज रफ्तार से वाहन चलाना भी शामिल रहा।
गत वर्ष 7 मार्च से 14 मार्च के बीच थाना घोसी के सोनाडीह एवं परवेजपुर के पास स्थल, थाना मोहम्मदाबाद गोहना के टड़वा जरगर एवं अतरारी तथा थाना दक्षिण टोला के रामपुर चकिया में सड़क दुर्घटनाएं हुई थी। थाना क्षेत्र घोसी के दोनों दुर्घटना स्थलों पर एक-एक लोगों की तथा थाना मोहम्मदाबाद गोहना के दोनों दुर्घटना स्थलों पर एक-एक लोगों की मौत हुई थी। इस प्रकार 5 सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जो सड़क दुर्घटनाओं की संख्या के सापेक्ष 80 प्रतिशत है। इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से होली पर्व पर विशेष सतर्क रहते हुए ओवर स्पीडिंग एवं नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की अपील की है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ ही साथ उनमें होने वाली मौतों को भी कम किया जा सके।
ज्ञातव्य है कि सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा जनपद के प्रमुख दुर्घटना स्थलों के चिन्हीकरण के उपरांत दिए गए सुझावों पर भी जिला प्रशासन अनवरत रूप से कार्य कर रहा है। इसके कारण गत दो महीनो में सड़क दुर्घटनाओं में कमी के साथ ही साथ उनमें होने वाली मृत्यु में भी अपेक्षित कमी आई है।
What's Your Reaction?