सम्राट पृथ्वीराज चौहान का जीवन आज भी प्रेरणास्रोत - ए0के0 शर्मा
मऊ, संवाददाता। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने शुक्रवार को जनपद भ्रमण के दौरान इब्राहिमाबाद, सूरजपुर में आयोजित सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान का जीवन अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम क्षण तक मोहम्मद गोरी के विरुद्ध संघर्ष किया और अपनी संस्कृति एवं धर्म की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इतिहास हमें न केवल गौरव का बोध कराता है, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने समाज में एकता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि हमें आपसी भाईचारे को मजबूत करना चाहिए और किसी भी प्रकार के विश्वासघात से सतर्क रहना चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जनता को ठगने एवं भ्रमित करने वाले लोगों से सावधान रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक रहकर सही दिशा में आगे बढ़ना होगा, तभी वास्तविक विकास संभव है। उन्होंने जनपद के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी संत देव चौहान, संतोष चौहान, जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?