झाड़ी शाह बाबा का मेला 24 अक्टूबर से शुरू, दंगल और कव्वाली बनेगा आकर्षण का केंद्र
संडीला (हरदोई)। सूफी संत हज़रत रब्बानी शाह क़ादरी उर्फ़ झाड़ी शाह बाबा का प्रसिद्ध वार्षिक उर्स एवं मेला इस वर्ष 24 अक्टूबर से आरम्भ होकर 2 नवंबर तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मेले में हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों की संख्या में अकीदतमंदों और श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है।
मेला कमेटी अध्यक्ष सूफ़ी शाहनवाज़ आलम ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 24 अक्टूबर को सुबह 8 बजे परचम कुशाई (ध्वज आरोहण) की रस्म से हुई। इसके बाद दोपहर 2 बजे मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया। परंपरागत रूप से इस अवसर पर क्षेत्रीय सूफी सज्जादानशीनों, धर्मप्रेमियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इस वर्ष मेले में आयोजित होने वाले दंगल का विशेष आकर्षण रहेगा, जो 24 और 25 अक्टूबर को होगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान इरफ़ान ईरानी और पंजाब केसरी बलवान सिंह सहित कई प्रसिद्ध पहलवान अपनी कुशलता का प्रदर्शन करेंगे।
आध्यात्मिक माहौल को और रंगीन बनाने के लिए कव्वाली कार्यक्रमों की श्रृंखला भी रखी गई है। 29 अक्टूबर को मशहूर कव्वाल सुल्तान साबरी, 1 नवंबर को अज़मत आफ़ताब वारसी और बेबी ज़ारा वारसी, जबकि 2 नवंबर को लोकप्रिय कव्वाल अनीस नवाब अपनी पेशकश से समां बाँधेंगे।
मेला कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सफाई और पार्किंग की विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी मेले स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
सूफ़ी शाहनवाज़ आलम ने कहा कि झाड़ी शाह बाबा का उर्स भाईचारे, प्रेम और सूफी परंपरा का प्रतीक है, जो हर वर्ष समाज में एकता और इंसानियत का संदेश देता है।
What's Your Reaction?