खाद्यान्न उठान में लापरवाही पर डीएम की सख्ती, 8 नवंबर तक शत-प्रतिशत उठान के निर्देश

Nov 3, 2025 - 21:21
 0  32
खाद्यान्न उठान में लापरवाही पर डीएम की सख्ती, 8 नवंबर तक शत-प्रतिशत उठान के निर्देश

अलीगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में खाद्यान्न उठान व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने जिले में खाद्यान्न उठान की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और सभी परिवहन ठेकेदारों को 8 नवम्बर तक शत-प्रतिशत उठान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में 6 फर्मों द्वारा खाद्यान्न परिवहन कार्य किया जा रहा है, किन्तु अक्टूबर माह में मात्र 56.79 प्रतिशत खाद्यान्न उठान ही संभव हो सका है, जो कि अत्यंत चिंताजनक है।

डीएम ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खाद्यान्न वितरण जैसी जनहितकारी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी ट्रांसपोर्टरों को निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए और मानव शक्ति का अधिकतम उपयोग कर उठान समयबद्ध पूरा किया जाए।

डीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पाई गई तो ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी माह से हर फर्म यह सुनिश्चित करे कि मासांत तक पूर्ण उठान कर लिया जाए, ताकि खाद्यान्न वितरण प्रणाली सुचारु एवं पारदर्शी बनी रहे। डीएम का संदेश स्पष्ट  जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय पर कार्य ही सर्वाेत्तम प्रशासन की पहचान है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow