जिलाधिकारी ने की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा
अलीगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा की गई।
प्रभारी अधिकारी नेडा अरूण कुमार शर्मा ने बताया कि जिले को वर्ष 2026-27 तक 75000 निजी घरेलू आवासों पर सोलर पावर प्लांट की स्थापना का लक्ष्य दिया गया था, जिसे संशोधित कर 2025-26 तक 6610 एवं मार्च 2027 तक 28468 संयंत्र स्थापना का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने बताया कि माह अक्टूबर 2025 तक के निर्धारित लक्ष्य 4119 के सापेक्ष 3537 संयंत्रों की स्थापना की गयी है, जो लक्ष्य का 78 प्रतिशत है। जिस पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाते हुए लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए उन्होंने माह नवंबर के लिए 600 नये सोलर संयंत्र स्थापना का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने बताया कि जो लोग लोन लेकर संयंत्र की स्थापना कराना चाहते हैं, उनके लिये बैंकों द्वारा 06 से 06.50 प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसमें बैंकों से अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है। इस डीएम ने एसडीएम अशोक कुमार सौनी को निर्देशित किया कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए बैंकर्स के साथ बैठककर योजना का धरातल पर मूर्त रूप देने में सहयोग कराएं। योजना को गति प्रदान करने के लिए जिले में 125 वैण्डर्स कार्यरत हैं जिनमें से 51 स्थानीय हैं। डीएम ने शत-प्रतिशत लक्ष्या की प्राप्ति के लिए वैण्डर्स की संख्या बढ़ाने एवं नगर निगम क्षेत्र में आवेदनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत विभाग को नेट मीटरिंग प्रक्रिया एवं कॉफ्रीग्रेशन की प्रक्रिया का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह योजना का स्वयं लाभ लेते हुए विभागीय कर्मचारियों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में एडीएम वित्त, अधीक्षण अभियंता शहरी एवं ग्रामीण, डीपीआरओ के साथ ही बैंकर्स एवं वैण्डर्स उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?