कोई भी अर्ह छात्र एवं युवा फार्म 06 भरने से न छूटे - संतोष बहादुर सिंह

Feb 27, 2026 - 20:32
 0  17
कोई भी अर्ह छात्र एवं युवा फार्म 06 भरने से न छूटे - संतोष बहादुर सिंह

सहारनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल के निर्देशों के क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण तथा कोचिंग संचालको को अधिक से अधिक मतदाता बनाए जाने हेतु संवेदीकृत करने के लिए बैठक आहूत की गयी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके या पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का फार्म 06 भरवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्हें वोट की महत्ता के प्रति जागरूक करते हुए प्रोत्साहित किया जाए। इस संबंध में उन्होने सभी संचालकों को फॉर्म 06 के बारे में जानकारी एवं समय सारणी से अवगत कराया। 

उन्होंने कहा कि फार्म 06 की अर्हता रखने वाला कोई भी पात्र विद्यार्थी फार्म भरवाने से न छूटे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़ने से मतदान देने का अधिकार प्राप्त होता है। इससे लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित होती है। सभी बीएलओ को परिचय पत्र पहनने के निर्देश दिए। इस संबंध में कहा कि परिचय पत्र आमजनमानस के बीच पहचान को सुनिश्चित करता है।

श्री सिंह ने छात्रों एवं युवाओं का आवाहन करते हुए कहा कि यदि आपकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है, तो आज ही मतदाता सूची में अपना पंजीकरण कराएं और एक गौरवान्वित मतदाता बनें। मतदाता हेल्पलाइन ऐप या voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म संख्या 6 भरें या संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी को फॉर्म जमा करें। उन्होने कहा कि 17 वर्ष के भावी मतदाता भी अग्रिम रूप से फॉर्म भर सकते हैं, क्योंकि 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर चार पात्रता तिथियां निर्धारित की गयी है।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित विभिन्न माध्यमिक, उच्च एवं कोचिंग संस्थानों के संचालक तथा अध्यापकगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow