मिशन शक्ति की प्रेरक पहल: बिटिया अवंतिका बनी एक दिन की कमिश्नर

Sep 26, 2025 - 20:11
 0  48
मिशन शक्ति की प्रेरक पहल: बिटिया अवंतिका बनी एक दिन की कमिश्नर

अलीगढ़। “बेटी पढ़ेगी-बेटी बढ़ेगी, तभी समाज आगे बढ़ेगा” इसी भावना को साकार करते हुए अलीगढ़ मंडल में मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत बालिकाओं के सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। 
जनता दर्शन के दौरान जब आयुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह से कक्षा 7 की छात्रा अवंतिका सिंह पुंडीर ने कहा कि वह बड़ी होकर उनकी तरह बनना चाहती है, तो मंडलायुक्त ने तुरंत उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए अवंतिका को अपनी कुर्सी पर बैठाकर “एक दिन का कमिश्नर” बना दिया। इस अवसर ने न केवल अवंतिका के चेहरे पर गर्व और खुशी की चमक बिखेरी, बल्कि वहां मौजूद सभी लोगों को गहराई से प्रभावित किया। 

अवंतिका सिंह पुंडीर, पुत्री इं0 विक्रम सिंह पुंडीर एवं नातिनी डॉ0 मुकेश कुमार सिंह पुंडीर स्वर्ण जयंती नगर की निवासी हैं। वह वर्तमान में संत फिडेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ताला नगरी अलीगढ़ की कक्षा 7 की मेधावी छात्रा हैं। 

आयुक्त संगीता सिंह ने कहा कि ’’मिशन शक्ति का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। अवंतिका जैसी बेटियां ही समाज और राष्ट्र की सच्ची धरोहर हैं, जिनकी प्रतिभा और इच्छाशक्ति आने वाले कल को नई दिशा देंगी।” इस प्रेरणादायी पहल की चहुंओर सराहना हो रही है। अवंतिका को मिले इस विशेष अवसर ने यह संदेश दिया है कि बेटियां चाहें तो हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow