उद्योग-व्यापार समस्याओं का होगा समयबद्ध निस्तारण - जिलाधिकारी

Sep 26, 2025 - 20:09
 0  50
उद्योग-व्यापार समस्याओं का होगा समयबद्ध निस्तारण - जिलाधिकारी

अलीगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योग एवं व्यापार से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किया जाए। कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। 

बैठक में निवेश प्रोत्साहन, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और अनुमोदन प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने बैठक का संचालन किया। उन्होंने बताया कि तालानगरी में 132 केवीए उपकेंद्र की स्थापना का समाधान अब तक नहीं निकल सका है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को तत्काल निर्णय लेकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अप्रेंटिसशिप अधिनियम के अंतर्गत अब तक 274 प्रशिक्षुओं को नियोजित किया जा चुका है, जिनमें से 42 को विद्युत विभाग में नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि और अधिक प्रशिक्षुओं को औद्योगिक इकाइयों एवं विभागों में भेजा जाए। 
अतरौली औद्योगिक क्षेत्र में भूखंड के ऊपर से गुजर रही 33 केवीए एवं 11 केवीए विद्युत लाइन तीन माह में भी शिफ्ट न किए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच दिन में कार्य पूर्ण न हुआ तो निलंबन की संस्तुति शासन को भेजी जाएगी।

ताला नगरी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत कटौती और ट्रिपिंग की समस्या दूर करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में मिडवेस्ट इक्वस्ट्रियन लिमिटेड इकाई की स्टांप ड्यूटी छूट के सापेक्ष बंधक बैंक गारंटी का मुद्दा भी उठा। सब-रजिस्ट्रार ने बताया कि इकाई द्वारा नई मशीनें स्थापित की गई हैं किंतु उत्पादन कार्य प्रारंभ न होने से बैंक गारंटी अवमुक्त नहीं की जा सकती। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा में कोई मामला लंबित नहीं पाया गया, जबकि निवेश सारथी पोर्टल पर तीन प्रकरण लंबित पाए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि चूंकि निवेश सारथी पोर्टल की समीक्षा मुख्य सचिव स्वयं करते हैं, इसलिए इसमें शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी, सबंधित अधिकारी संवेदनशीलता एवं गम्भीरता के साथ प्रकरणों का समयबद ढंग से निस्तारण करें। 

ताला नगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन की मांग पर जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी को तालानगरी मुख्य चौराहे पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग बनाने और यातायात विभाग को वहां नियमित ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पथ प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के भी आदेश दिए। व्यापार बंधु बैठक में नगर निगम को पत्थर बाजार में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और गांधी पार्क चौराहे पर शीघ्र शौचालय निर्माण के निर्देश दिए गए। 

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र ताला नगरी से नेकराम शर्मा, लल्लू सिंह, पवन खंडेलवाल, व्यापार संघ से सतीश माहेश्वरी, कमल गुप्ता और औद्योगिक स्थान आईटीआई रोड से आदित्य बजाज उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow