माटीकला कारीगर मंडल स्तरीय पुरस्कार से हुए सम्मानित
अलीगढ़, संवाददाता। माटीकला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंजीकृत परंपरागत कारीगरों एवं उद्यमियों को मंडल स्तरीय माटीकला पुरस्कार से सम्मानित किया गया। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग कार्यालय, त्रिमूर्तिनगर, सुरक्षा विहार, बरौला बाईपास में आयोजित समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ सभी प्रतिभागी कारीगरों को भी अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजस्व राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर की माताजी रजनी दिलेर ने माटीकला कारीगरों को बधाई देते हुए कहा कि माटीकला हमारी समृद्ध पारंपरिक कला और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण विधा है। कारीगर अपनी कला एवं हुनर के माध्यम से न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कारीगरों को निरंतर नवाचार करते हुए पारंपरिक कला को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कारीगरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने में सहायक हैं।
उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि समारोह के दौरान माटीकला कारीगरों द्वारा तैयार विभिन्न वस्तुओं एवं कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में अलीगढ़, एटा, कासगंज एवं हाथरस के शिल्पकारों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।
मिट्टी से निर्मित पारंपरिक, सजावटी एवं उपयोगी उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि माटीकला को बढ़ावा देने, पारंपरिक कारीगरों को प्रोत्साहित करने तथा उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
मंडल स्तरीय माटीकला प्रदर्शनी एवं पुरस्कार समारोह में निर्णायक मंडल के निर्णय के आधार पर अलीगढ़ के राजकुमार को 15 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार, अलीगढ़ के प्रेमचंद प्रजापति को 12 हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार तथा एटा के योगेंद्र को 10 हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं को चेक, प्रमाण पत्र एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रतिभाग करने वाले अन्य माटीकला कारीगरों को भी अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल में सिरेमिक विशेषज्ञ अनिल कुमार गुप्ता, इंदिरा स्कूल ऑफ फाइन आर्ट की डायरेक्टर डॉ. इंद्रा अग्रवाल, उड़ान आर्टिस्ट ग्रुप बबराला की डायरेक्टर डॉ. ममता राजपूत, क्षेत्रीय गांधी आश्रम के मंत्री संतोष मिश्रा, पूर्व माटीकला अध्यक्ष की प्रतिनिधि राजकुमारी गोला तथा प्रजापति महासभा के अध्यक्ष देवकीनंदन गोला शामिल रहे। इस अवसर पर संतोष शर्मा, अनिल कुमार, संदीप कुमार सिदरा, राहुल प्रजापति, अश्वनी कुमार सहित बड़ी संख्या में माटीकला कारीगर एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?