पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की नई मिसाल, मरीजों को मिल रहा त्वरित व गुणवत्तापूर्ण उपचार
अलीगढ़, संवाददाता। पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों को सभी आवश्यक जांच और उपचार सुविधाएं अस्पताल परिसर में ही प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बाहरी जांच पर निर्भरता कम हुई है और मरीजों को त्वरित राहत मिल रही है।
सीएमएस डॉ0 एमके माथुर ने बताया कि चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 मरीजों को परामर्श एवं उपचार दिया जा रहा है। ओपीडी में आने वाले मरीजों को पर्याप्त मात्रा में निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं प्रतिदिन करीब 50-60 मरीजों को भर्ती कर समुचित चिकित्सकीय देखरेख में उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में आधुनिक मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विभिन्न जांचें की जा रही हैं। मरीजों की सुविधा के लिए रक्त संबंधी जांचों की रिपोर्ट को डिजिटल माध्यम से भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और त्वरित सेवा सुनिश्चित हो रही है। अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित चिकित्सकों की टीम के जरिए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान किया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीजों के लक्षण और गंभीरता को ध्यान में रखते हुए ही आवश्यक जांचें लिखी जाती हैं। बाहरी जांच के लिए अनावश्यक रूप से मरीजों को रेफर नहीं किया जाता। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे और प्रत्येक मरीज को समयबद्ध एवं संतोषजनक उपचार मिल सके। बेहतर प्रबंधन, आधुनिक सुविधाओं और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण के चलते पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय की सेवाओं में निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है। इससे जनमानस का विश्वास मजबूत हुआ है और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है।
What's Your Reaction?