जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न
अलीगढ़, संवाददाता। सदस्य विधानसभा एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, चौ0 ऋषिपाल सिंह, प्रो0 तारिक मंसूर, विधायकगण अनिल पाराशर, रवेंद्र पाल सिंह, राजकुमार सहयोगी एवं सुरेंद्र दिलेर सहित ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्यगण, ग्राम प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि शासनादेश के क्रम में गठित यह समिति विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पीडी भालचंद त्रिपाठी ने ग्राम्य विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
समिति अध्यक्ष ठाकुर जयवीर सिंह ने निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत 50 दिन कार्य पूर्ण कर चुके श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें अन्य लाभकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा सके। एनआरएलएम के अंतर्गत जिले में 2.75 लाख महिलाओं को जोड़ते हुए 16 हजार नए स्वयं सहायता समूहों के गठन की जानकारी दी गई। इन समूहों को आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिक छात्र संख्या वाले प्राथमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन का संचालन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। 5वें एवं 15वें वित्त आयोग की अवशेष धनराशि से विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सामूहिक शौचालयों के संचालन को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई।
डीपीआरओ ने बताया कि 852 ग्राम पंचायतों में 41 शौचालय निष्क्रिय हैं, जिन्हें शीघ्र क्रियाशील करने एवं जिन ग्रामों में सफाईकर्मी नहीं वहां रोस्टर बनाकर अन्य ग्राम से सफाई कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए। सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने, जलभराव से बचाव के लिए सीसी एवं इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण पर बल दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सीएमओ ने बताया कि जिला एवं ब्लॉक स्तर पर पर्याप्त औषधियां उपलब्ध हैं तथा 102 व 108 एम्बुलेंस सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हैं। समिति अध्यक्ष ने बाहरी एम्बुलेंस सेवाओं की दरें निर्धारित करने एवं पोस्टमार्टम हाउस पर अनिवार्य रूप से एंबुलेंस सेवा सक्रिय कर आमजन को राहत देने के निर्देश दिए। साथ ही, बिना लाइसेंस संचालित ट्रॉमा सेंटर व मेडिकल स्टोरों की जांच के निर्देश भी दिए गए। कृषि विभाग द्वारा फसल बीमा योजना एवं ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
पशुपालन विभाग ने बताया कि 106 गौ आश्रय स्थलों में लगभग 29 हजार गौवंश संरक्षित हैं। समिति अध्यक्ष ने गौ सेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान स्मार्ट मीटर एवं हाईटेंशन लाइनों के संबंध में जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गति बढ़ाने को कहा गया।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, राशन वितरण, उज्ज्वला योजना, आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
समिति अध्यक्ष ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जनहित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और सरलता के साथ पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि अगली बैठक में सभी निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए जनपद में विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों के आभार प्रकट किया और कहा कि समिति द्वारा दिए गए सुझावों से जिले को गति प्रदान होगी और समिति के अध्यक्ष द्वारा जो भी दिशा निर्देश दिए गए हैं उनका अनुपालन कराया जाएगा।
बैठक में डीडीओ आलोक आर्य, पीडी भाल चंद त्रिपाठी, सीएमओ डा0 नीरज त्यागी, डीडी कृषि चौधरी अरूण कुमार, डीपीओ के0के0 राय एवं अजित कुमार, डीपीआरओ यतेन्द्र सिंह समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ एवं ईओ उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?