मुख्य चिकित्साधिकारी ने किया स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ
आजमगढ़। शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पुष्पांजलि कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखकर उनके विचारों एवं मानवता के संदेश को स्मरण किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन समानता, करुणा और सामाजिक न्याय को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का उद्देश्य भी यही है कि समाज में कुष्ठ रोग को लेकर फैले भय और भेदभाव को समाप्त कर रोगियों को सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग पूर्णतः उपचार योग्य है और समय पर पहचान एवं उपचार से विकलांगता से बचाव संभव है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक जनपद में यह अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर आमजन को कुष्ठ रोग के लक्षण, कारण, निःशुल्क उपचार व्यवस्था तथा उपचार न कराने की स्थिति में होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भेदभाव समाप्त हो, गरिमा बनी रहे और कोई भी व्यक्ति जांच एवं उपचार से वंचित न रहे।
सीएमओ ने निर्देश दिये कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न विभागों के समन्वय से जन-जागरूकता गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित की जाएँ तथा अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का फोटो एवं वीडियो अभिलेख तैयार कर व्हाट्सऐप ग्रुप एवं ई-मेल के माध्यम से समय से साझा किया जाए।
समारोह में एडिशनल सीएमओ डॉ0 उमाशरण पांडेय, डिप्टी सीएमओ डॉ0 अविनाश झा, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ0 आलेन्द कुमार, कुष्ठ विभाग से एनएमएस रामचंद्र चौहान, ब्रह्मचारी राय, एनएमए शशि भूषण द्विवेदी, पीटीटी शैलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?