एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम भ्राँतियो से बचें

May 20, 2026 - 21:19
 0  6
एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम भ्राँतियो से बचें

आजमगढ़, संवाददाता। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संवेदनशीलता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु प्रस्तावित एचपीवी टीकाकरण अभियान के संबंध में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, धार्मिक गुरुओं, स्वैच्छिक संगठनों तथा शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को विस्तृत जानकारी दी गई।  

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला गंभीर रोग है, जिसके लगभग 99 प्रतिशत मामलों का कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण होता है। इस बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है । यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।  

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज़ ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है। वर्ष 2006 से अब तक विश्वभर में करोड़ों डोज दी जा चुकी हैं तथा गंभीर दुष्प्रभाव अत्यंत दुर्लभ हैं। उन्होंने कहा कि समाज में फैलाई जा रही भ्रांतियों एवं अफवाहों पर ध्यान न दें और सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। 

एचपीवी वैक्सीन को तकनीकी सहयोग दे रही एजेन्सी के राज्य प्रतिनिधि संदीप श्रीवास्तव ने भी पीटीटी के माध्यम से एचपीवी वैक्सीन से जुड़े विषयों पर अपनी बातें कही और उसके डोज़ एवं तकनीकी पहलुओं पर कुछ जानकारियाँ साझा करते हुए इसकी महत्ता पर विस्तार से बताया।

कार्यशाला में उपस्थित प्रसिद्ध महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वस्ति सिंह, डॉ विपिन यादव, डॉ. मधुलिका त्यागी एवं मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर की डॉ. मधु यादव ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी टीका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वाहिद अली, डॉ ज़ोरार अहमद ने भी कहा कि यह वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित एवं सुरक्षित है तथा किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी भय या भ्रम के अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।   

कार्यशाला में उपस्थित धार्मिक गुरुओं एवं समाजसेवियों ने भी अभियान को सफल बनाने की अपील की। गुरुद्वारा प्रबंधक निजामाबाद जगदीश सिंह, इमाम क़मर अब्बासी, प्रधानाचार्य रूबी खातून, नुसरत जहाँ अन्य वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और जनहित के इस अभियान में सभी को सहयोग करना चाहिए।  

रोटरी क्लब से श्रेयष अग्रवाल ने कहा कि समाज के प्रभावशाली लोगों, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों को आगे आकर लोगों के बीच जागरूकता फैलानी चाहिए ताकि कोई भी बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे। 

बैठक में शिक्षा विभाग एवं मदरसा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने, 14 वर्ष आयु की बालिकाओं की सूची तैयार करने तथा न्-ॅप्छ पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। 

कार्यशाला का सफल संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज़ ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, डिप्टी सीएमओ डॉ मोहन लाल, डॉ अविनाश झा, डा0 आलेन्द्र कुमार सहित सभी ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षक, विभिन्न स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow