मनरेगा मजदूरों एवं कर्मियों के बकाया राशि का तुरन्त भुगतान करें प्रदेश सरकार - अजय राय

Mar 1, 2026 - 19:58
 0  14
मनरेगा मजदूरों एवं कर्मियों के बकाया राशि का तुरन्त भुगतान करें प्रदेश सरकार - अजय राय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पर रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गयी। यह संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन आर0पी0 गौतम ने सम्बोधित किया।

चेयरमैन आर0पी0 गौतम ने कहा कि आज गोरखपुर के चौरी-चौरा में दलित सम्मान समारोह का आयोजन होना था, जिसमें शामिल होने के लिए मैं लखनऊ एयरपोर्ट से गोरखपुर जाना चाहता था लेकिन मुझे पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट से बाहर आते ही मुझे रोक लिया, और पूछने पर बताया कि कार्यक्रम की अनुमति को रात में ही रद्द कर दिया गया। कारण पूछने पर उन्होंने बताया आगामी होली के त्यौहार के कारण यह अनुमति रद्द कर दी गयी। इसलिए आप वहां नहीं जा सकते। 

उन्होंने कहा कि इस जनसभा की अनुमति संवैधानिक तरीके से ली गयी थी फिर अचानक मुझे रोकना हमारे संवैधानिक अधिकारों का हनन है। क्या अनुमति लेकर सभा करना असंवैधानिक है। दलितों, पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों की समस्याओं पर चर्चा करना उनके अधिकारों के लिए लड़ना क्या असंवैधानिक है। होली तो केवल एक बहाना है। आज उत्तर प्रदेश में दलितों, पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहें हैं इसलिए सभी वर्ग भाजपा से मुक्त होने के लिए छटपटा रहे हैं। उ0प्र0 में जंगल राज चल रहा है। सभी राजनेता, अधिकारी जनता के सेवक हैं कोई संविधान के ऊपर नहीं है। लेकिन वर्तमान सरकार में मुख्यमंत्री और उनके कुछ लोग स्वयं को संविधान से ऊपर समझते है। सरकार हमारी आवाज को असंवैधानिक तरीके से दबा नहीं सकती। इस अत्याचार का जबाव सड़क और सदन में दिया जायेगा।

प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है इसीलिए हमारे राष्ट्रीय चेयरमैन अनुसचित जाति विभाग को अचानक बिना बताये एयरपोर्ट से आगे नहीं जाने दिया। कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूरों, किसानों के साथ खड़ी रही है। दो दिन बाद होली का त्यौहार है लेकिन मनरेगा मजदूरों का, कर्मियों का, मिस़्ि़त्रयों का, आपूर्ति कर्ताओं का, महिला मेट का अभी तक भुगतान नहीं किया गया। क्या यह सब लोग भूखे पेट त्यौहार मनाऐंगे। इन सबका (अकुशल मजदूरी, कुशल मजदूरी एवं सामग्री बकाया) कुल 1600 करोड़ रूपये बाकी है। 

श्री राय ने कहा कि यह चेतावनी है कि 10 दिनों के अन्दर मनरेगा मजदूरों एवं कर्मियों का भुगतान सरकार नहीं करती तो प्रदेशव्यापी आन्दोलन किया जायेगा। भाजपा सरकार यह न समझे कि गरीबों की आवाज दबा दी जायेगी। इस सरकार की प्रसाशनिक विफलता का आलम यह है कि मुख्यमंत्री ने 2021 में मनरेगा कर्मियों की बेहतरी के लिए कुछ योजनायें घोषित की थी, जिसमें चौबीस आकस्मिक अवकाश व 12 चिकित्सा अवकाश मिलेगा। किन्तु 2024 में सम्बन्धित विभाग से आर0टी0आई0 के माध्यम से पूछा गया तो विभाग ने कहा कि हमारे पास ऐस कोई आदेश नहीं आया है। मुख्यमंत्री जी गरीबों, मजदूरों से झूठा वायदा करते हैं और उनके भविष्य के साथ खिलबाड़ करते हैं। मनरेगा मजदूरों के अलावा तमाम आउटसोर्सिंग कम्पनियों के कर्मचारियों, मजदूरों को भी अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। जबकि मुख्यमंत्री जी स्पष्ट घोषणा की है कि होली के पहले सभी कर्मचारियों के वेतन का भुगतान कर दिया जाए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब इनके झूठ को समझ चुकी है इसीलिए कांग्रेस का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। 2027 के चुनाव में जनता इनको सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर जबाव देगी।  

प्रेसवार्ता में सांसद तनुज पुनिया, वाइस चेयरमैन मीडिया मनीष हिन्दवी, प्रवक्ता सचिन रावत, संजय दीक्षित एवं सिद्धि श्री मौजूद रहीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow