जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में नियमित जनसुनवाई कर सुनीं जनसमस्याएं

Sep 7, 2026 - 20:44
 0  3
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में नियमित जनसुनवाई कर सुनीं जनसमस्याएं

हमीरपुर, संवाददाता। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक गोयल द्वारा प्रतिदिन की भांति सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं दूर-दराज के स्थानों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों से जिलाधिकारी ने सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन प्रकरणों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक था, उनमें गूगल मीट के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद कर मौके से ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक फरियादी को प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता के साथ करते हुए शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए तथा उनके निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनसामान्य के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow