बाल उत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन, बच्चों ने सुनाई बदलाव की प्रेरक कहानियां

Feb 12, 2026 - 20:00
 0  23
बाल उत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन, बच्चों ने सुनाई बदलाव की प्रेरक कहानियां

अमेठी। परिषदीय उच्च विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में संचालित मीना मंच कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों में समता का भाव विकसित करने, उनके भीतर हुए सकारात्मक बदलाव एवं सफलता मूलक प्रयासों को साझा करने हेतु बीआरसी परिसर अमेठी में बाल उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समन्वयक (बालिका) श्याम सुंदर श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी पूजा सिंह हरिओम तिवारी, नोडल बच्चाराम वर्मा व गरिमा यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। आयोजन में प्रत्येक विकास क्षेत्र के पाँच-पाँच मॉडल मीना मंच विद्यालयों से दो-दो बच्चों ने प्रतिभाग किया। 

इस अवसर पर बच्चों के बीच मीना मंच के माध्यम से उनके जीवन में आए बदलाव की कहानियों को साझा करने एवं कॉमिक बुक निर्माण की रोचक गतिविधियां कराई गईं। प्रतिभागी बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी कहानियां प्रस्तुत कीं और कॉमिक बुक के माध्यम से अपनी छिपी प्रतिभाओं को अभिव्यक्त करने का सराहनीय प्रयास किया। 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रगति, स्वाभिमान एवं सफलता की ओर उन्मुख करना रहा। साथ ही विद्यालयों में संचालित सेल्फ एस्टीम एवं मीना मंच गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सपनों और आकांक्षाओं का जश्न मनाने, उन्हें पोषित करने तथा उनके सफल प्रयासों को साझा करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया गया। कहानी प्रस्तुति एवं कॉमिक बुक निर्माण प्रतियोगिता में पाँच-पाँच सर्वश्रेष्ठ बच्चों का चयन किया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी अमेठी पूजा सिंह द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उन्होंने समस्त बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए समस्त सुगमकर्ताओं को उनके परिश्रम हेतु सराहना की। खंड शिक्षा अधिकारी हरिओम तिवारी ने बच्चों को मीना मंच के माध्यम से प्रदान किए गए शिक्षाओं को दैनिक जीवन में उतरने और विद्यालयों में हो रहे अच्छे कार्यों को जन सामान्य तक पहुंचाने की बात कही। 

कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक श्याम सुंदर श्रीवास्तव में समस्त बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए समस्त प्रतिभागियों, सहयोगियोंका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन गरिमा यादव और बच्चा राम वर्मा ने किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नोडल बच्चा राम वर्मा, गरिमा यादव, रामसुंदर यादव, सुजाता पासी, कंचन मौर्य, अमिता ,किरण, ममता, उर्मिला, विभा पल्लवी, अमिता प्रमोद, कल्पना सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। बाल उत्सव कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow