नवरात्रि के दृष्टिगत मां दुर्गन भवानी मंदिर का निरीक्षण, खाद्य सुरक्षा टीम ने फल प्रतिष्ठान को जारी की सुधार सूचना
अमेठी (संवाददाता)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर शनिवार को गौरीगंज स्थित मां दुर्गन भवानी मंदिर का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान टीम ने मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर प्रांगण के बाहर दुकानों की स्थापना का कार्य चल रहा है तथा प्रसाद की दुकानें 11 अक्टूबर से लगाई जाएंगी।
इस दौरान तहसीलदार गौरीगंज अजय कुमार जायसवाल ने नवरात्रि के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। इसके उपरांत खाद्य सचल दल ने जायस निवासी रामकुमार पुत्र नन्हे के फल प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केले गंदे स्थान पर फर्श पर रखे पाए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना जारी करते हुए स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही दो दिन बाद पुनः निरीक्षण करने को कहा गया।
संयुक्त निरीक्षण टीम में तहसीलदार गौरीगंज अजय कुमार जायसवाल एवं सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?