ताला नगरी के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में जुटे जिलाधिकारी

Aug 4, 2026 - 20:14
 0  4
ताला नगरी के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में जुटे जिलाधिकारी

अलीगढ़, संवाददाता। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मंगलवार को ताला नगरी इंडस्ट्रियल एरिया का भ्रमण कर क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, यूपीसीडा में उद्यमियों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं यातायात सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा श्याम गोपाल ने अवगत कराया कि पूर्व में सफाई कार्य कर रही एजेंसी का अनुबंध समाप्त हो चुका है और नए अनुबंध के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। अनुमोदन प्राप्त होते ही नियमानुसार सफाई कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।

उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर संबंधित सक्षम अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की और प्रस्ताव के शीघ्र अनुमोदन का अनुरोध किया, ताकि उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने यूपीसीडा अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर भी उपलब्ध विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर अंतरिम समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मानकों के अनुरूप कूड़ा उत्पन्न करने वाले संस्थानों की जिम्मेदारी तय करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में ताला नगरी क्षेत्र में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। उद्यमियों ने बढ़ती औद्योगिक आवश्यकताओं को देखते हुए छेरत में निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र के साथ-साथ ताला नगरी के निकट लगभग दो हेक्टेयर भूमि चिन्हित कर नया उपकेंद्र स्थापित किए जाने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

उद्यमियों ने क्वार्सी ओवरब्रिज निर्माण से यातायात व्यवस्था में आए सुधार की सराहना करते हुए ओजोन तिराहे पर समय-समय पर लगने वाले जाम की समस्या भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह समस्या जिला प्रशासन के संज्ञान में है और इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के साथ समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यक सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है और सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने से यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन उद्योगों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। 

इस अवसर पर उद्यमी नेकराम शर्मा, राजकुमार उपाध्याय, पवन खंडेलवाल, चंद्रशेखर शर्मा, गणेश चौधरी, सुनील दत्ता, सोनू शर्मा, टीपी गोयल, मोहित कुमार, जितेंद्र पाल सिंह सहित विद्युत, श्रम, उद्योग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow