जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने जिला कारागार के सभी बैंरकों का किया निरीक्षण
हमीरपुर। जनपद न्यायाधीश श्री मनोज कुमार राय के निर्देशन में मंगलवार को जिला कारागार के सभी बैरकों का विस्तृत निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव महेन्द्र कुमार पाण्डेय, द्वारा किया गया। यह निरीक्षण बंदियों के कल्याण, उनके मूलभूत अधिकारों की रक्षा तथा जेल प्रशासन की दक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ।
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव द्वारा व्यक्तिगत रूप से सभी बैरकों का दौरा किया तथा बंदियों से उनकी समस्याओं, शिकायतों और आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बंदियों ने विभिन्न मुद्दों जैसे स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा विधिक सहायता से संबंधित अपनी बातें साझा कीं।
उन्होंने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा तत्काल समाधान हेतु जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा, जेलर आनंद तथा अन्य अधिकारियों को स्पष्ट एवं ठोस दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रगति की नियमित रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर को उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर बंदियों को संबोधित करते हुए महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा सभी बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा, जेलर आनंद, डिप्टी जेलर देवेन्द्र कुमार दुबे तथा पवन कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?