10 हजार की घूस लेते ही फंसा सचिव, एंटी करप्शन टीम ने की बड़ी कार्रवाई
हमीरपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई, जब ग्राम प्रधान से कमीशन के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते ग्राम पंचायत सचिव को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी की खबर से विकास खंड में हड़कंप मच गया।
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी सचिव को पकड़कर मौदहा कोतवाली लाया, जहां बंद कमरे में पूछताछ के दौरान जब उसके हाथ धुलवाए गए तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले गई।
विकास खंड सुमेरपुर के ग्राम बदनपुर के प्रधान पति अजय साहू ने बताया कि गांव में सीसी रोड निर्माण कार्य कराया गया था। इस कार्य की फाइल पास करने के बदले ग्राम पंचायत सचिव शिवशंकर पाल ने 30 प्रतिशत कमीशन की मांग की। काफी मोलभाव के बाद मामला 10 हजार रुपये में तय हुआ।
प्रधान पति ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की। शुरुआत में उन्हें लगा कि कहीं बात दब न जाए लेकिन बुधवार सुबह एंटी करप्शन टीम का फोन आया और उन्हें भरुआ सुमेरपुर बुलाया गया। टीम प्रभारी श्यामबाबू के निर्देश पर जैसे ही सचिव को रुपये दिए गए, वैसे ही एंटी करप्शन टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
टीम ने सचिव को पहले सुमेरपुर से पकड़कर मौदहा कोतवाली पहुंचाया, जहां कागजी कार्रवाई और पूछताछ के बाद आरोपी को लखनऊ ले जाया गया। जैसे ही रिश्वत लेते सचिव की गिरफ्तारी की खबर फैली, विकास खंड मौदहा के कई सचिव कोतवाली पहुंच गए और कार्रवाई को साजिशन फंसाने का आरोप बताते हुए विरोध जताने लगे।
What's Your Reaction?