मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक
उतरौला (बलरामपुर), संवाददाता। थाना गैडास बुजुर्ग पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षा, सरकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम लोकहित इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय तथा क्षेत्राधिकारी राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में किया गया। थाना गैंडास बुजुर्ग के थानाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया।
इस दौरान टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शुभम कुमार यादव, आरक्षी अनिल कुमार एवं महिला आरक्षी सुप्रिया सिंह ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराध, महिला हिंसा एवं लैंगिक उत्पीड़न जैसे विषयों पर जागरूक करते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेष रूप से जागरूकता पर जोर दिया गया। पुलिस टीम ने बताया कि ओटीपी शेयर करना, लकी ड्रा के नाम पर ठगी, फर्जी वीडियो कॉल, बैंकिंग फ्रॉड एवं पेंशन धोखाधड़ी जैसे मामलों से बचने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही आपातकालीन सेवाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिसमें महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102/108, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930/155260 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और समाज में जागरूकता फैलाने में भी सहयोग करें। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।
What's Your Reaction?