पाइप विवाद में मारपीट के दौरान व्यक्ति की मौत

Apr 4, 2026 - 21:14
 0  23
पाइप विवाद में मारपीट के दौरान व्यक्ति की मौत

उतरौला (बलरामपुर), संवाददाता। थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र में पाइप को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही कई लोगों पर हमला कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरा याकूप (बभनी) निवासी जुबेर अली पुत्र आजम अली ने थानाध्यक्ष श्रीदत्तगंज को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि प्रार्थी की बड़ी मां दुलना खां के यहां से खेत सींचने के लिए पाइप लेकर गई था। जब वह पाइप वापस करने पहुंचा तो वहां पाइप की संख्या को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के अकरम खान, सलमान खान, राजिद खान, फरहान खान, अरमान खान, सादिक खान समेत चार-पांच अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे, बैट व स्टंप से हमला कर दिया। घटना को देख जब प्रार्थी के पिता बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके कान-नाक के सोने के आभूषण भी गायब हो गए। प्रार्थी का कहना है कि आरोपित पक्ष द्वारा पूर्व में भी उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow