मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक
सादुल्लानगर (बलरामपुर), संवाददाता। थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा के नेतृत्व में मिशन शक्ति 5.2 चरण के शुभारंभ के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मौघरवा में आयोजित फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक तेजल पटेल, महिला आरक्षी सीता गुप्ता व आरक्षी उमेश पासवान ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा बाल विवाह निषेध कानून के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों जैसे ओटीपी शेयरिंग, लकी ड्रॉ, स्मार्ट एडिटिंग वीडियो कॉल और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए।
पुलिस टीम ने छात्राओं को नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें निडर एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में गुड टच और बैड टच की महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा बच्चों को शिक्षा के अधिकार और शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, यूपी आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102/108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
What's Your Reaction?