शादी अनुदान योजना में 45 लाभार्थी लाभान्वित, 300 के खातों में जल्द पहुंचेगी सहायता राशि
अलीगढ़ (संवाददाता)। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के तहत लाभार्थियों को निरंतर लाभान्वित किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विधायक कोल अनिल पाराशर ने गठबंधन फार्म हाउस में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। शादी अनुदान योजना के तहत 45 लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं, कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत 50 प्रशिक्षणार्थियों को ओ-लेवल एवं ट्रिपल-सी प्रशिक्षण से लाभान्वित किया गया।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी इनाक्षी गुप्ता ने बताया कि शादी अनुदान योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 85.60 लाख रुपये की सहायता राशि से 428 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जा चुका है। 300 नए लाभार्थियों के बैंक खातों में जल्द ही सहायता राशि हस्तांतरित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि लक्ष्य के अनुरूप 87 आवेदन पत्र प्रक्रिया में हैं। जांच पूर्ण होने के बाद पात्रता के आधार पर इन आवेदकों को भी योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?