गौरीगंज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने लिया सक्रिय भागीदारी का संकल्प

Jan 30, 2026 - 20:29
 0  15
गौरीगंज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने लिया सक्रिय भागीदारी का संकल्प

अमेठी। मेरा युवा भारत, अमेठी (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में जयप्रकाश नारायण सर्वाेदय बालिका इंटर कॉलेज, गौरीगंज के परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सेवायोजना अधिकारी अनुपमा रानी, अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज रुचि सिंह, प्रधानाचार्या गीता वर्मा, जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के.के. मिश्र एवं लेखा एवं कार्यक्रम अधिकारी अश्विनी शर्मा की उपस्थिति में अतिथियों के सम्मान एवं अभिवादन के साथ किया गया। 

इसके उपरांत पदयात्रा एवं मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान “मेरा वोट, मेरा अधिकार”, “लोकतंत्र की मजबूती, मतदान से” एवं “मेरा भारत, मेरा वोट” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। युवाओं की सहभागिता एवं शारीरिक सक्रियता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रस्सी कूद सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे टीम भावना एवं अनुशासन का विकास हुआ। 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई, जिसमें निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदारी के साथ मतदान करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर फर्स्ट टाइम वोटर युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे उनमें मतदान के प्रति उत्साह एवं गर्व की भावना का संचार हुआ। 

जिला युवा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा मतदाता लोकतंत्र की रीढ़ होते हैं तथा उनका प्रत्येक मत देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एनवाइवी राघवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया। 

इस अवसर पर पूर्व एनवाइवी आकाश गुप्ता, युवा मंडल अध्यक्ष अभय शर्मा, जगन्नाथ, अध्यापक निलेश गुप्ता, अध्यापिका शिप्रा पाण्डेय, वंदना सिंह सहित कॉलेज के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow