त्यौहारों की तैयारियों पर डीएम की सख्ती, साफ-सफाई से सुरक्षा तक दिए निर्देश
अलीगढ़। जिला मजिस्ट्रेट संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में रामलीला, कृष्णलीला महोत्सव एवं आगामी त्यौहारों को सकुशल एवं हर्षाेल्लास से मनाए जाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के सबंध में आयोजकों के साथ बैठक आहुत की गई। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि त्यौहार सामाजिक समरसता एवं सौहार्द के प्रतीक हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को धार्मिक एवं आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई तथा पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को कानून-व्यवस्था एवं शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क दृष्टि रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और सजावट के लिए विद्युत सुरक्षा प्रबंध करने को कहा गया। यातायात पुलिस को सुचारु यातायात व्यवस्था और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी थानों पर शांति समितियों की बैठकें आयोजित करने, शोभायात्रा मार्ग पर मांस की दुकानों को बंद रखने, दुर्गा प्रतिमाओं को अतिक्रमण या अनाधिकृत स्थलों पर न रखने और मूर्ति विसर्जन के दौरान नदियों, तालाबों और नहरों पर सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। दशहरा के दिन नुमाइश मैदान में जलभराव की समस्या समय से दूर करने और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा न होने देने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही आईटीआई रोड पर बैरिकेटिंग, रामलीला ग्राउंड में मोबाइल टॉयलेट, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था कराने पर जोर दिया गया।
एसएसपी संजीव सुमन ने कहा कि जुलूस एवं शोभायात्रा के लिए केवल परम्परागत एवं निर्धारित मार्ग का ही प्रयोग किया जाए। आयोजन स्थलों को सीसीटीवी से लैस करने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सहयोग के लिए तत्पर है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व उल्लास और भाईचारे के साथ मनाए जाते हैं, अतः सभी इसकी गरिमा बनाए रखें और आपसी सहमति से विवादों का समाधान निकाल कर आपस मे खुशियां बांटें।
इस अवसर पर एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एसपी सिटी मृगांक पाठक, एसपी ग्रामीण, एसपी यातायात, एएसपी, एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, थानाध्यक्ष के साथ विभागीय अधिकारी एवं क्षेत्रीय आयोजकगण भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?