विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को गति प्रदान करेंगे 74 अतिरिक्त ईएईआरओ
बहराइच, संवाददाता। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नो मैपिंग एवं तार्किंक विसंगतियों की श्रेणी के मतदाताओं को जारी की जा रही नोटिसों, मतदाताओं की सुनवाई एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन कार्य को गति प्रदान करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जनपद में 74 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नियुक्त करने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। जनपद में अवस्थित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों बलहा, मटेरा, महसी, पयागपुर व कैसरगंज में 10-10 तथा बहराइच सदर एवं नानपारा में 12-12 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
आयोग के निर्देशानुसार जनपद में नामित किये गये 74 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते हुए उन्हें उनके कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। एडीएम श्री कुमार ने नामित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व से तैनात अधिकारियों, बूथ लेबिल अधिकारियों तथा सुपरवाईज़र्स के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नो मैपिंग के सम्बन्ध जारी की गई नोटिस की सुनवाई तथा तार्किक विसंगतियों से सम्बन्धित मतदाताओं के सत्यापन का कार्य मासान्त फरवरी 2026 तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
एडीएम श्री कुमार ने कहा कि आप सभी अधिकारियों की तैनाती का मुख्य उद्देश्य यही है कि आप लोग अपने स्तर पर बीएलओ एवं सुपरवाईज़र्स के कार्यों पर प्रभावी पर्यवेक्षण करते रहें और जहां पर अपेक्षित प्रगति न हो तो उसके कारणों का पता करते हुए बीएलओ को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें। एडीएम ने बताया कि तार्किंक विसंगतियों से सम्बन्धित मतदाताओं के सत्यापन के लिए बूथ लेबिल अधिकारियों को प्रशिक्षित कर दिया गया है फिर भी यदि कहीं पर कोई बाधा आ रही है तो तत्काल उसका निदान कराने का प्रयास किया जाय। उन्होंने सभी अधिकारियों का आहवान किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रुटि रहित तरीके से प्रगाढ़ पुनरीक्षण अन्तर्गत नोटिस की सुनवाई व तार्किक विसंगतियों के सत्यापन का कार्य समयबद्धता के साथ पूर्ण करायें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह, सदर की पूजा चौधरी, पयागपुर के अश्वनी कुमार पाण्डेय व मटेरा के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डिप्टी कलेक्टर लालधर यादव तथा आयोग द्वारा नवनियुक्त अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?