अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल
हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे में मंगलवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों युवक पूरी रात सड़क पर पड़े रहे। बुधवार सुबह राहगीरों की नजर पड़ने पर घटना का खुलासा हो सका।
जानकारी के अनुसार भभौरा गांव निवासी निखिल सिंह (30) मंगलवार देर शाम अपने साथी हर्षित सिंह (24) के साथ सुमेरपुर कस्बे से बाजार कर बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे भभौरा मार्ग पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। अंधेरा और सुनसान मार्ग होने के कारण रातभर किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी।
बुधवार सुबह राहगीरों ने दोनों युवकों को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में दोनों को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने निखिल सिंह को मृत घोषित कर दिया। हर्षित सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक निखिल सिंह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। वह मनरेगा मजदूर के रूप में कार्य करता था और अपनी पत्नी के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। निखिल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे विधवा मां रेखा सिंह, भाई नितेश सिंह, पत्नी सोनिका सिंह और एक वर्षीय दुधमुंही बेटी नाइशा सिंह को छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। वहीं हर्षित सिंह की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है, जिससे परिजन चिंतित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भभौरा मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों का आवाजाही रहती है लेकिन सड़क पर रोशनी की व्यवस्था नहीं है और न ही पुलिस की गश्त होती है।
What's Your Reaction?