मंडलायुक्त ने किया टमकौली स्थित अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण
अलीगढ़, संवाददाता। आयुक्त, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ ओम प्रकाश आर्य ने शनिवार को टमकौली स्थित अटल आवासीय विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, पेयजल एवं आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय की मेधावी छात्राओं ने अध्यापन कार्य का उत्तरदायित्व निभाते हुए अन्य छात्र-छात्राओं को पढ़ाया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने प्रधानाचार्य रोहित सारस्वत को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को पूरी तन्मयता एवं समर्पण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे आगे चलकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विद्यालय परिसर तक आने वाली संपूर्ण सड़क के किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम एवं एडीएम को नियमित भ्रमण एवं निरीक्षण करते रहने के साथ ही विद्यालय में जनरेटर की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति की सुचारु व्यवस्था विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने आरओ मशीन के फिल्टर निर्धारित समय पर बदलने तथा संबंधित कंपनी से वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध कराने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेते हुए मेडिकल रजिस्टर का अवलोकन किया तथा चिकित्सक एवं प्रशासनिक अधिकारियों से बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, खान-पान और चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मीनू का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के भोजन में श्रीअन्न से बने पौष्टिक व्यंजनों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में डिस्पेंसरी एवं चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा आरबीएसके की टीम द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन से भी आच्छादित किया जा चुका है। विद्यालय में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षकों, पुस्तकों एवं स्टेशनरी आदि की किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
मंडलायुक्त ने सीसीटीवी कक्ष का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित पाए गए, जिनमें चार कैमरे खराब बताए गए। उन्होंने खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। एमआई रूम का निरीक्षण करते हुए अलमारी में रखी दवाओं की एक्सपायरी तिथि भी जांची और दवाओं के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।
कंप्यूटर कक्ष में उन्होंने कंप्यूटर शिक्षक से विद्यार्थियों के कंप्यूटर ज्ञान एवं सीखने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आगामी निरीक्षण में विद्यार्थियों से कंप्यूटर विज्ञान से संबंधित विषयों पर सीधे संवाद कर उनके ज्ञान का आकलन किया जाएगा। विज्ञान प्रयोगशाला में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई एवं प्रयोगात्मक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।
विद्यालय के शौचालयों को साफ-सुथरा एवं जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु पाई गई। हॉस्टल का निरीक्षण करते हुए खुले बरामदे में सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कपड़े धोने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। बताया गया कि विद्यालय में नौ वॉशिंग मशीनें स्थापित हैं और सभी क्रियाशील हैं। मंडलायुक्त ने स्वयं मशीनों की क्रियाशीलता भी परखी।
निरीक्षण के उपरांत मंडलायुक्त ने विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देेश्य से वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही विद्यालय परिसर को अधिक से अधिक हरा-भरा बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सौरभ भट्ट, जेडीसी मंशाराम यादव, एडीसीएम गभाना हरिश्चंद्र, डीएलसी नदीम अहमद एवं पीडी आर.के. कुरील सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?