सहकारी समिति दुलापुर कला का सीडीओ ने किया आकस्मिक निरीक्षण

Oct 25, 2025 - 19:55
 0  39
सहकारी समिति दुलापुर कला का सीडीओ ने किया आकस्मिक निरीक्षण

अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने शनिवार को सहकारी समिति दुलापुर कला, विकास खण्ड शाहगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के समय समिति के सचिव जितेन्द्र सिंह उपस्थित थे। समिति परिसर पर उर्वरक वितरण का कार्य चल रहा था, जहाँ बड़ी संख्या में कृषक उर्वरक प्राप्त करने हेतु उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पाया गया कि केंद्र पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित है। संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, जो कृषकों को सुव्यवस्थित रूप से उर्वरक दिलवाने में सहयोग कर रही थी। 

मुख्य विकास अधिकारी ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए सहायक निबंधक सहकारी समितियाँ, अमेठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की सभी सहकारी समितियों एवं उर्वरक वितरण केंद्रों पर टोकन व्यवस्था के माध्यम से ही वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनावश्यक भीड़भाड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति न बने। 

उन्होंने उपस्थित कृषकों से वार्ता की और उन्हें आश्वस्त किया कि जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। प्रत्येक पात्र किसान को आवश्यकतानुसार उर्वरक समय से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर भी पत्राचार कर अतिरिक्त उर्वरक की मांग भेजी जाएगी। 

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि समितियों पर लेखपालों की ड्यूटी नियमित रूप से लगाई जाए, ताकि मौके पर उपस्थित किसानों का डेटा दर्ज कर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी किया जा सके। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि उर्वरक केवल वास्तविक किसानों को ही उपलब्ध कराया जाए। किसानों के दस्तावेजों का मिलान कर ही वितरण किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की कालाबाज़ारी या अनधिकृत बिक्री की संभावना समाप्त हो सके। 

सीडीओ ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि हर किसान को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से उर्वरक उपलब्ध हो, जिससे रबी सत्र की बुवाई निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow