जिलाधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय एवं ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में एफएलसी कार्य का किया निरीक्षण
अमेठी (संवाददाता)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 तथा 23 अक्टूबर को प्रस्तावित गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने जिला निर्वाचन कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्वाचन कार्यों को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन कार्यालय में आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जिन उपकरणों, सामग्रियों एवं अन्य व्यवस्थाओं की आवश्यकता है, उनकी समय से उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कार्यालय में अभिलेखों एवं पत्रावलियों के रखरखाव को सुव्यवस्थित रखने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्यालय में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दें। जिला निर्वाचन कार्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस पहुंचकर वहां चल रहे प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने एफएलसी की प्रगति एवं संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने पर बल दिया, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी केलकर सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?