पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

Jun 4, 2026 - 22:03
 0  1
पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

अमेठी, संवाददाता। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जा सके। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र पुलिस प्रभारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का अनिवार्य निरीक्षण करने तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं की गहन जांच करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि यदि किसी भी केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी स्तर पर शिकायत अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, चिकित्सा टीम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों के प्रवेश द्वार पर छाया की व्यवस्था करने को कहा। 

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 एवं 10 जून 2026 को परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 4,752 परीक्षार्थी शामिल होंगे। 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी सहित परीक्षा से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow