दो दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ

Feb 25, 2026 - 20:28
 0  11
दो दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ

बहराइच। भारत की जनगणना-2027 के प्रारम्भिक तैयारियों, जनगणना कार्यों को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट सभागार में 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। जनगणना निदेशालय लखनऊ के प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद चार्ज अधिकारियों, जनगणना लिपिक/जनगणना सहायकों को व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण अधिकारी उप निदेशक जनगणना अश्वनी दीक्षित व जिला प्रभारी जनगणना बहराइच अमन श्रीवास्तव ने भारत की जनगणना-2027 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह शासन की नीतियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों की आधारशिला है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित करें। प्रशिक्षण अधिकारी द्वारा जनगणना की प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही तरीके से संधारण, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा डेटा की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण अधिकारी द्वारा सभी अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे जनगणना कार्य को टीम भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कर जनपद को उत्कृष्ट प्रदर्शन की श्रेणी में लाने में सहयोग प्रदान करें। 

इस अवसर पर जनगणना लिपिक/जनगणना सहायकों सहित एसडीएम, तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, एलडीएम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।  

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow