जनगणना भविष्य की नीतियों एवं विकास योजनाओं का आधार, किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं - मुख्य सचिव

May 13, 2026 - 19:41
 0  19
जनगणना भविष्य की नीतियों एवं विकास योजनाओं का आधार, किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं - मुख्य सचिव

लखनऊ, संवाददाता। मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने जनगणना-2027 के तहत प्रदेश में चल रही स्व-गणना प्रक्रिया की समीक्षा कर वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक लोगों को जागरूक कर स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए। स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित कर लोगों को स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी एचएलबी एवं एन्यूमरेशन ब्लॉक्स को 25 मई तक लाइव किया जाए। जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि भविष्य की नीतियों एवं विकास योजनाओं का आधार होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन जिलों में प्रशिक्षण या मैपिंग कार्य लंबित है, वहां युद्धस्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से आगरा, कानपुर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद एवं बरेली जैसे नगर निगम क्षेत्रों में तैयारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जिले में तकनीकी सहायकों एवं फील्ड स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि डिजिटल मैपिंग और हाउस नंबरिंग का कार्य प्रभावित न हो। इसके साथ ही “नो योर एन्यूमरेटर” अभियान संचालित कर प्रत्येक जिले की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सऐप समूहों पर एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर की जानकारी सार्वजनिक की जाए, जिससे आम नागरिकों को अपने क्षेत्र के गणनाकर्मियों की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि स्व-गणना अभियान में स्वतंत्रता सेनानियों, मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, पूर्व राज्यपालों, अन्य राज्यों के राज्यपालों तथा विपक्षी नेताओं सहित सभी प्रतिष्ठित व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन में अभियान के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़े।

बैठक में निदेशक जनगणना संचालन शीतल वर्मा ने बताया कि प्रदेश में 7 मई से स्व-गणना अभियान संचालित किया जा रहा है, जबकि 22 मई से हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन प्रारंभ होगा। इसके लिए मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, चार्ज ऑफिसर्स तथा एन्यूमरेटरों का प्रशिक्षण तेजी से पूरा कराया जा रहा है।

बैठक में बताया गया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सोनभद्र, औरैया, मुरादाबाद, आजमगढ़, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मैनपुरी, भदोही, बरेली एवं श्रावस्ती प्रदेश के शीर्ष 10 जनपदों में शामिल हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow