नरेन्द्र कश्यप ने डॉ0 शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विष्वविद्यालय के ‘संकेत’ केन्द्र का किया निरीक्षण
लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने मंगलवार को मोहान रोड, लखनऊ स्थित डॉ0 शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के ‘संकेत’ मूक-बधिर (श्रवण बाधित) केन्द्र का निरीक्षण किया। दिव्यांग हेतु 50 प्रतिशत आरक्षित सीटों को पूर्ण करने के लिए संबंधित को निर्देश दिये तथा निरीक्षण के दौरान पायी गयी अव्यवस्थाओं पर असंतोष व्यक्त किया।
समेकित विद्यालयों में दिव्यांग को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं पुनर्वास संबंधी सुविधाओं की जांच की। इस दौरान विद्यालयों में संचालित विभिन्न गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की।
राज्य मंत्री श्री कश्यप ने अधिकारियों से अपेक्षा की है कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पहंुचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन एवं पिछड़े वर्ग के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा विशेष विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं पुनर्वास के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने उ0प्र0 सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, बजट व्यय, छात्रवृत्ति, दिव्यांगजन पेंशन, विशेष विद्यालयों के संचालन, पुनर्वास कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार, निर्माण कार्यों तथा अन्य विभागीय कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। समाज के पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन हेतु सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं को संचालित किया जा रहा है। उ0प्र0 सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की सूचना के अवभाव में पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाता है, जिसके लिए मण्डल एवं जनपद स्तर पर कैम्प के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी जनता को योजनाओं के विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी जाए।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग जन और पिछड़ा वर्ग के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को धरातल पर और अधिक प्रभावी बनाना तथा समेकित विद्यालयों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने लखनऊ व अयोध्या मण्डल के अतिरिक्त जनपदीय उच्च अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में लखनऊ एवं अयोध्या मण्डल के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सभी उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?