दो दिवसीय प्रतियोगिता में बाल कलाकार गार्गी की योग प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

Jul 21, 2026 - 22:00
 0  6
दो दिवसीय प्रतियोगिता में बाल कलाकार गार्गी की योग प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

लखनऊ, संवाददाता। डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ लखनऊ द्वारा परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित चौथी लखनऊ डिस्ट्रिक्ट डांस स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप-2026 का दो दिवसीय आयोजन क्राइस्ट चर्च कॉलेज, हजरतगंज में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों और स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण बाल कलाकार गार्गी द्विवेदी की मनमोहक योग प्रस्तुति रही। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर उन्हें पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी द्वारा सम्मानित भी किया गया।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राकेश कुमार छेत्री, सचिव, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, लखनऊ ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय नृत्य कलाओं से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों का नियमित रूप से होना आवश्यक है।

डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह, क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू एवं कार्यकारी अध्यक्ष, बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने कहा कि डांस स्पोर्ट युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करता है। ऐसे आयोजन उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला और क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच उपलब्ध कराते हैं तथा खेल संस्कृति को नई दिशा देते हैं।

अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित रचना गोविल, संरक्षक, बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने कहा कि जिस प्रकार ब्रेक डांस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, उसी प्रकार भारत के पारंपरिक एवं शास्त्रीय नृत्यों को भी वैश्विक मंच पर स्थापित करने के लिए सभी संस्थाओं को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने भारतीय नृत्य शैलियों की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसमें शरीर के प्रत्येक अंग की अभिव्यक्ति महत्वपूर्ण होती है, जो इसे विश्व की अन्य नृत्य शैलियों से अलग पहचान प्रदान करती है। उन्होंने डांस परफॉर्मेंस को पूर्ण खेल (स्पोर्ट) के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

समापन समारोह की अध्यक्षता आनंद शेखर सिंह, चेयरमैन, बीएसएसईटीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने की। उन्होंने कहा कि डांस स्पोर्ट युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास का सशक्त माध्यम है और ऐसे आयोजन नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. आनंद कुमार मिश्रा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, एंडोक्राइन सर्जरी विभाग, केजीएमयू, लखनऊ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त और संस्कारित समाज का निर्माण संभव है।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान, सदस्य, उत्तर प्रदेश विधान परिषद ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।

विशिष्ट अतिथियों दुर्गेश त्रिपाठी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, एकल फ्यूचर, जसपाल सिंह, जनरल सेक्रेटरी, उत्तर प्रदेश कराटे एसोसिएशन तथा के. बी. पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

समारोह के दौरान विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और उन्हें खूब सराहना मिली।

इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक, निर्णायक, अभिभावक, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow