जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
हरदोई, संवाददाता। शनिवार को तहसील सवायजपुर में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता मे सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। फरियादियों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए।
उन्होंने राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे विवादों का प्रभावी समाधान हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर संभव है, उन्हें मौके पर ही निस्तारित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों एवं प्रकरणों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित एवं फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, उप जिलाधिकारी सवायजपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?