शिक्षक राष्ट्र निर्माण के सबसे महत्वपूर्ण आधार स्तंभ - जिलाधिकारी
अमेठी, संवाददाता। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को विकास भवन सभागार, गौरीगंज में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और सोच को आकार देकर उन्हें जीवन की सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज के बदलते समय में शिक्षकों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना शिक्षकों का महत्वपूर्ण दायित्व है।
उन्होंने कहा कि अमेठी जनपद के शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, छात्र-छात्राओं को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने तथा विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका समर्पण अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों से निरंतर नवाचार अपनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 शिक्षकों को प्रमाणपत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 30 शिक्षकों को भी प्रमाणपत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त शिक्षकों ने इस अवसर को अपने लिए गौरवपूर्ण बताते हुए शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन एवं प्रदेश स्तर पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने देखा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त समाज निर्माण में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह द्वारा किया गया।
समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?