जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 11 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा संचालित
अमेठी (संवाददाता)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 01 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 अक्टूबर 2026 के मध्य दस्तक अभियान को लेकर द्वितीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुडे़ मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अन्तर्विभागीय समन्वय से युद्धस्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जाए। डीएम ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में 01 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 01 अक्टूबर से पहले संचारी रोग नियंत्रण के सम्बन्ध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान स्वच्छता, सैनिटाइजेशन तथा फॉगिंग का विशेष कार्यक्रम संचालित किया जाए। तालाबों, नालों व नालियों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा कूड़े का निस्तारण ठीक ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई भी संचारी रोगों से ग्रसित है, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं। साथ ही, महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीण स्तर पर संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु तालाबों/नालों व नालियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सम्बन्धित विभागों से संचारी रोगों के नियंत्रण व रोकथाम के सम्बन्ध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगर विकास, पंचायतीराज, आई0सी0डी0एस0, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन तथा सूचना विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर संचारी रोगों की रोकथाम व नियंत्रण के संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मीटिंग के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ बीपी अग्रवाल, डीपीआरओ मनोज त्यागी, बीएसए संजय तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा एमओआईसी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?