नोडल अधिकारी ने विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

Mar 16, 2026 - 21:58
 0  5
नोडल अधिकारी ने विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

अमेठी, संवाददाता। शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं महानिदेशक आयुष विभाग उत्तर प्रदेश चौत्रा वी. की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अर्पित गुप्ता सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। नोडल अधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंच सके। 

उन्होंने विशेष रूप से उन विभागों पर ध्यान देने के निर्देश दिए जिनकी योजनाओं की रैंकिंग सी और डी श्रेणी में है। नोडल अधिकारी ने कहा कि ऐसे विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की गति तेज करें और आगामी समीक्षा में बेहतर परिणाम प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचे। समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने यूपी नेडा के अंतर्गत सोलर रूफटॉप योजना, उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाएं, विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली, विद्युत आपूर्ति की स्थिति, खराब ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन, लाइन लॉस से जुड़े प्रकरणों तथा विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। 

इसके साथ ही उन्होंने समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना, कृषि विभाग, दुग्ध विकास, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम, पंचायतीराज, प्रधानमंत्री आवास योजना, पर्यटन, बेसिक शिक्षा, पिछड़ा वर्ग कल्याण, पशुपालन, मत्स्य विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का भी गहन मूल्यांकन किया। नोडल अधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचे। इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों में निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं। 

उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए और जमीनी स्तर पर कार्यों का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि आगामी जनपद भ्रमण के दौरान योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा, इसलिए सभी विभाग अपने कार्यों को तय मानकों के अनुरूप पूरा करें। 

बैठक के उपरांत नोडल अधिकारी ने जिला कारागार और पुलिस लाइन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। पुलिस लाइन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सीवरेज व्यवस्था, विद्युतीकरण, ड्रेनेज सिस्टम आदि की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। 

इसके बाद नोडल अधिकारी ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार के मॉडल का अवलोकन किया तथा बैरक, रेजिडेंशियल परिसर, हाई सिक्योरिटी टावर, किचन, पाठशाला, वाच टावर और गोदाम सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए। 

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow