भारत-अफ्रीका व्यापार 100 अरब डॉलर के पार - कीर्तिवर्धन सिंह

Aug 29, 2025 - 17:52
 0  60
भारत-अफ्रीका व्यापार 100 अरब डॉलर के पार - कीर्तिवर्धन सिंह

नई दिल्ली (संवाददाता: शाश्वत तिवारी)। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा है कि वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-अफ्रीका व्यापार 100 अरब डॉलर को पार कर गया है, जो वित्त वर्ष 2019-20 में मात्र 56 अरब डॉलर था। श्री सिंह ने 20वें ‘सीआईआई इंडिया-अफ्रीका बिजनेस कॉन्क्लेव 2025’ के मंच से कहा कि 1996 से 2024 तक 75 अरब डॉलर से अधिक के संचयी निवेश के साथ, भारत अफ्रीका में शीर्ष पांच निवेशकों में शामिल है।

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा जिम्बाब्वे गणराज्य के उपराष्ट्रपति जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. सी.जी.डी.एन. चिवेंगा और अन्य सम्मानित गणमान्य व्यक्तियों एवं राजनयिकों के साथ 20वें सीआईआई भारत-अफ्रीका व्यापार सम्मेलन को सम्बोधित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हम बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा और रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत वित्तीय साझेदारियां बनाने और परिवर्तनकारी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि हम सामूहिक रूप से एक समृद्ध और समावेशी साझा भविष्य के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं।

केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन के दौरान इस बात पर जोर दिया कि अफ्रीका भारत की विदेश नीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा और साथ ही याद दिलाया कि हाल ही में भारत की अध्यक्षता के दौरान ही अफ्रीकी संघ को जी20 की स्थायी सदस्यता प्रदान की गई थी। उन्होंने बताया कि भारत ने अफ्रीका में परियोजनाओं के लिए 12 अरब डॉलर से अधिक रियायती ऋण और 70 करोड़ डॉलर की अनुदान सहायता भी प्रदान की है। इसके अलावा, भारत ने अफ्रीकी युवाओं के लिए 50 हजार छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं, जिनमें से 42 हजार से अधिक का उपयोग पहले ही किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि हम वैश्विक मंच पर अफ्रीका के उचित स्थान पर जोर देते हैं। भारत ने जरूरत के समय अफ्रीका का समर्थन किया है। हमारे बीच आपसी विश्वास और सहयोगात्मक प्रयासों पर आधारित एक साझा भविष्य के निर्माण के लिए एक मजबूत द्विपक्षीय संबंध विकसित हो रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow