सीएम भजनलाल शर्मा ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर डीग जिले के पूंछरी का लौठा स्थित मुकुट मुखारविन्द मंदिर में किए दर्शन
जयपुर। राजस्थान के डीग में मंगलवार को गोवर्धन पर्व बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। यूपी के समीपवर्ती ब्रज क्षेत्र डीग में गोवर्धन महाराज की विशेष पूजा की गई।
माना जाता है कि बृज क्षेत्र भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं और अवतार का साक्षात प्रमाण है। गोवर्धन परिक्रमा का डेढ़ किलोमीटर मार्ग जो राजस्थान की सीमा पर पड़ता है, यहां पूंछरी का लौठा धाम विराजमान है। प्राचीन पूंछरी का लोठा मंदिर, मुखारविंद और श्रीनाथजी मंदिर में प्रदेशभर से आए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रीकृष्ण के सखा श्रीलौठाजी के यहां स्थापित हो जाने से इसे अब पूंछरी का लोठा नाम से जाना जाता है।
गोवर्धन की तलहटी में स्थित पूंछरी का लौठा के बारे में ऐसी मान्यता है कि लौठा जी यहां बैठकर गिर्राज जी की परिक्रमा करने आने वालों की हाजिरी लगाते हैं इसलिए यहां आए बिना परिक्रमा अनुष्ठान पूर्ण नहीं माना जाता। आज गोवर्धन पर्व के अवसर पर गिरिराज जी की फूल बंगला झांकी सजाकर व भव्य पोशाक और आभूषणों से सुसज्जित कर भजन गायन किया गया है। अन्कूट महोत्सव में 56 प्रकार के भोगों से गिरिराज जी का भोग लगाया गया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर डीग जिले के पूंछरी का लौठा स्थित मुकुट मुखारविन्द मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच सपत्नीक विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री पैदल ही श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से दिवाली की रामा-श्यामा की और दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुर सिंह कोली, शैलेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?