हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ़ वूमेन से संबंधित 10 दिवसीय जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ
मऊ। महिला कल्याण विभाग द्वारा संकल्प: हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ़ वूमेन एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत 10 दिवसीय जागरूकता के प्रथम दिन महिला सशक्तिकरण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी का आयोजन जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
यह कार्यक्रम 2 सितंबर से 12 सितंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को अवगत कराते हुए इन योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु विशेष प्रयास होंगे। गोष्ठी के दौरान जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित महिलाओं से कहा कि सरकार द्वारा संचालित महिलाओं से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी आवश्यक है साथ ही इस संबंध में आसपास के लोगों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जहां पर पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी बराबर या ज्यादा है उस देश एवं समाज की आर्थिक मजबूती अन्य के मुकाबले ज्यादा होती है। जहां-जहां पर महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है वहां विकास की संभावना भी ज्यादा होती है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से जिम्मेदारी उठाने की अपील की, साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण में योगदान देने को भी कहा।
गोष्ठी के दौरान महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं बाल पुष्टाहार विभाग द्वारा महिलाओं के उन्नति हेतु चलाई जाने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे में संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। गोष्ठी के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी विभिन्न विभाग के अधिकारियों से उनके विभाग में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी लेते हुए अपने जिज्ञासाओं को शांत किया।
इस दौरान जिला जिला प्रोबेशन अधिकारी श्वेता त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार सहित बड़ी संख्या में जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिला उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?